समय-सीमा बैठक में कलेक्टर विकास मिश्रा ने योजनाओं, अभियानों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की सीधी(ईन्यूज एमपी)- कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित योजनाओं, अभियानों, आगामी कार्यक्रमों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। 23 सितंबर को मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में बलराम कृषि महोत्सव कलेक्टर ने बताया कि 23 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन शासकीय कन्या महाविद्यालय में प्रस्तावित है। उन्होंने संबंधित विभागों को कार्यक्रम की तैयारियां समय पर पूरी करने और अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी दिन भुईमाड़ में आयुर्वेद मेले का आयोजन भी किया जाएगा। 25 सितंबर को कुसमी में जन विश्वास अभियान मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 25 सितंबर को कुसमी में जिलास्तरीय शिविर आयोजित होगा। इसके साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी में वृहद स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेखों के निःशुल्क पंजीयन तथा वनाधिकार एवं सामुदायिक दावों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने को भी कहा। 1 अक्टूबर से पुराने बस स्टैंड से बस संचालन बंद बैठक में बस स्टैंड शिफ्टिंग की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि 1 अक्टूबर से पुराने बस स्टैंड से बसों का संचालन नहीं होगा। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। श्रमिकों की सुविधा के लिए लालता चौक के स्थान पर पुराने बस स्टैंड में आवश्यक व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई। नई व्यवस्था से शहर में यातायात संचालन को सुचारू बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में तेजी के निर्देश बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों के लिए विशेष अभियान चलाकर प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा गया। इसके अलावा सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने, दूरसंचार टॉवर स्थापना, अतिक्रमण एवं राहत संबंधी प्रकरणों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए गए। स्थानीय निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय सहित जिले के सभी विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।