34 एम-यूटीएस सहायक मोबाइल और ब्लूटूथ प्रिंटर से मौके पर जारी करेंगे अनारक्षित टिकट भोपाल(ईन्यूज एमपी)- रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। भोपाल मंडल के पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अब यात्रियों को जनरल यानी अनारक्षित टिकट लेने के लिए टिकट काउंटर की लंबी कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। स्टेशन परिसर में ही मोबाइल के जरिए मौके पर जनरल टिकट उपलब्ध कराया जाएगा। रेलवे की इस व्यवस्था के तहत भोपाल, रानी कमलापति, संत हिरदाराम नगर, इटारसी और बीना स्टेशन पर कुल 34 एम-यूटीएस सहायक तैनात किए जाएंगे। ये सहायक मोबाइल फोन और ब्लूटूथ प्रिंटर की मदद से यात्रियों को मौके पर टिकट जारी करेंगे। भोपाल स्टेशन पर 10, जबकि बाकी चार स्टेशनों पर 6-6 सहायक तैनात किए जाएंगे। ट्रेन छूटने के समय सबसे ज्यादा फायदा अक्सर ट्रेन के रवाना होने का समय नजदीक आते ही जनरल टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में लंबी कतार के कारण यात्रियों को टिकट लेने में समय लग जाता है और ट्रेन छूटने की चिंता भी रहती है। नई व्यवस्था से यात्री स्टेशन परिसर में ही एम-यूटीएस सहायकों से टिकट ले सकेंगे। इससे काउंटरों पर भीड़ का दबाव कम होने की उम्मीद है। डिजिटल भुगतान को भी मिलेगा बढ़ावा मोबाइल आधारित टिकट व्यवस्था से टिकट जारी करने में लगने वाला समय कम होगा। साथ ही डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलने से खुले पैसे की समस्या भी कम हो सकती है। रेलवे के अनुसार, आसानी से टिकट उपलब्ध होने से बिना टिकट यात्रा के मामलों में भी कमी आने की उम्मीद है। इस व्यवस्था में आम नागरिक और सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी भी एम-यूटीएस सहायक के रूप में काम कर सकेंगे। टिकट जारी करने पर सहायकों को कमीशन दिया जाएगा।