enewsmp.com
Home सीधी दर्पण तेज बारिश में बिजली लाइन पर गिरा यूकेलिप्टस का पेड़, खंभा टूटा; 3 हजार ग्रामीण रात से अंधेरे में

तेज बारिश में बिजली लाइन पर गिरा यूकेलिप्टस का पेड़, खंभा टूटा; 3 हजार ग्रामीण रात से अंधेरे में

रामपुर नैकिन(ईन्यूज एमपी)-सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के रायखोर गांव में देर रात तेज बारिश के दौरान यूकेलिप्टस का पेड़ बिजली लाइन पर गिर गया। पेड़ के दबाव से बिजली का एक खंभा टूट गया, जबकि करीब तीन खंभों के तार क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद रात करीब 12 बजे से गांव की बिजली आपूर्ति बंद है। इससे 3 हजार से अधिक ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

तारों पर गिरा पेड़, खंभा टूटा

ग्रामीणों के मुताबिक, देर रात बारिश के दौरान यूकेलिप्टस पेड़ का एक हिस्सा टूटकर बिजली के तारों पर गिर गया। पेड़ के दबाव से बिजली का खंभा टूट गया और लाइन के तार भी क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद पूरे क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद हो गई। रात में अंधेरा होने के कारण तत्काल सुधार कार्य शुरू नहीं हो सका।

ग्रामीणों ने बताया कि बिजली विभाग को घटना की जानकारी सुबह करीब 9 बजे मिली। सूचना के बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त खंभे व बिजली लाइन का निरीक्षण किया। इसके बाद मरम्मत का काम शुरू किया गया।

रात से बिजली बंद, ग्रामीण परेशान

ग्रामीण रोहित गुप्ता ने बताया कि बारिश के दौरान पेड़ का हिस्सा बिजली के तारों पर गिरा था। इससे खंभा टूट गया और इलाके की बिजली बंद हो गई। रात से बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है।

मरम्मत के बाद बहाल होगी बिजली

बिजली विभाग से जुड़े विनोद पटेल ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम को मौके पर भेजा गया है। क्षतिग्रस्त खंभे और लाइन की मरम्मत का काम चल रहा है। सुधार कार्य पूरा होने के बाद जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

Share:

Leave a Comment