enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश रक्तदान कर डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल ने दिया सेवा का संदेश, बोले-रक्तदान महादान, बचा सकता है किसी की जिंदगी

रक्तदान कर डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल ने दिया सेवा का संदेश, बोले-रक्तदान महादान, बचा सकता है किसी की जिंदगी

रीवा(ईन्यूज़ एमपी )- सेवा संकल्प अभियान के तहत संभागीय मुख्यालय रीवा के कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में वृहद स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्वयं रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया। पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी, वीरेंद्र गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी रक्तदान किया। रीवा संभाग के कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह सहित अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और जागरूक नागरिक भी रक्तदान के लिए आगे आए।

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। रक्तदान महादान है और पीड़ित मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों तथा गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के उपचार में रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आकर जरूरतमंदों की जीवन रक्षा में अपना योगदान देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि सामान्यतः स्वस्थ 18 से 65 वर्ष आयु वर्ग के पात्र व्यक्ति चिकित्सकीय जांच के उपरांत रक्तदान कर सकते हैं। नियमित रक्तदान के लिए निर्धारित अंतराल और रक्त केंद्र की चिकित्सकीय सलाह का पालन किया जाना चाहिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं रक्तदान कर उन्हें आत्मिक प्रसन्नता हुई और अधिक से अधिक नागरिकों को इस सेवा कार्य में सहभागी बनना चाहिए।

रीवा जिले में इच्छुक एवं पात्र नागरिक मनगवां, जवा, सिरमौर, सेमरिया, गंगेव एवं गोविंदगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा त्योंथर के सिविल अस्पताल में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों में पहुंचकर रक्तदान कर सकते हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर पीड़ित मानवता की सेवा में अपना योगदान दें।

Share:

Leave a Comment