enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश शहडोल में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने तैयारियों की समीक्षा की

शहडोल में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने तैयारियों की समीक्षा की

भोपाल( ईन्यूज एमपी)- उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की सभी गतिविधियों को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए।

17 सितंबर को होंगे रक्तदान शिविर

राजेंद्र शुक्ल ने 17 सितंबर को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिविरों में एकत्रित रक्त का व्यवस्थित संधारण और सुरक्षित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिविरों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से पूरी करने के निर्देश दिए।

जनसेवा संकल्प यात्रा में होगा जनसंवाद

जनसेवा संकल्प यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने यात्रा के दौरान निर्धारित कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा में शामिल दल और स्थानीय जनता के बीच प्रभावी संवाद सुनिश्चित करने के साथ यात्रियों के ठहरने और भोजन की उचित व्यवस्था करने को कहा।

निर्धारित रूट और कार्यक्रम के अनुसार सभी व्यवस्थाएं संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से पूरी करेंगे। अभियान के तहत जिले के विद्यालयों और महाविद्यालयों में निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

आंगनवाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’

उप मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित गतिविधियों का व्यवस्थित आयोजन और केंद्रों पर कार्यक्रमों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर पार्थ जायसवाल और सीईओ जिला पंचायत शिवम प्रजापति ने अभियान के तहत होने वाली गतिविधियों एवं तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान विधायक जैतपुर जयसिंह मरावी, जिला योजना समिति सदस्य अमिता चपरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment