17 सितम्बर से शुरू होगा स्वामित्व अधिकार अभिलेख पंजीयन अभियान, ग्राम पंचायतों में तीन चरणों में लगेंगे शिविर सीधी(ईन्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन पंजीयन योजना एवं मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वामित्व अधिकार अभिलेख पंजीयन योजना के तहत प्रदेश में आबादी भूमि के 68 लाख 97 हजार भू-स्वामियों को निःशुल्क पंजीयन प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। अभियान का शुभारंभ 17 सितम्बर से होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटवारी एवं भू-स्वामी द्वारा सारा ऐप पर भू-अधिकार पत्र एवं ई-केवाईसी की जानकारी दर्ज की जाएगी। इसके बाद नायब तहसीलदार एवं तहसीलदार ऑनलाइन सत्यापन कर पंजीयन प्रमाण पत्र जारी करेंगे। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में तीन चरणों में तीन दिवसीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कलेक्टरों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया, किसान समूहों एवं ग्राम स्तर के सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से भी योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने को कहा। शिविरों के स्थल एवं तिथियां निर्धारित कर पटवारी, ग्राम रोजगार सहायक एवं ग्राम पंचायत सचिव की ड्यूटी लगाने तथा शिविर स्थलों पर बिजली एवं इंटरनेट की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी कलेक्टरों को अभियान की तिथिवार एवं निर्धारित कार्यक्रमवार कार्ययोजना तैयार कर दो दिवस में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से विकसित भारत एवं विकसित मध्यप्रदेश का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए। 17 सितम्बर को शाम 7 बजे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं हितग्राहियों के घरों में आशीर्वाद के दीपक जलाए जाएंगे। इसके लिए सार्वजनिक स्थलों एवं दीपों की संख्या निर्धारित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने अभियान में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान देने को कहा। अभियान में चिन्हित 13 गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं और बड़ी निर्माण परियोजनाओं एवं योजनाओं से सकारात्मक बदलाव आए हैं। सरकार की विकास, स्वरोजगार एवं कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव और उनके अनुभवों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने अच्छे फोटोग्राफ्स के साथ सफलता की कहानियां एवं वीडियो बाइट तैयार कराने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान विकास कार्यों को चित्रित करने वाली मानव रंगोली भी बनाई जाएगी।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बताया गया कि स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन पंजीयन योजना के क्रियान्वयन के लिए पटवारियों एवं ग्राम पंचायत सचिवों को प्रशिक्षण दिया गया है। प्रदेश में 3771 नायब तहसीलदारों को उप-पंजीयक के अधिकार प्रदान किए गए हैं। इनके माध्यम से संपदा-2 पोर्टल पर पंजीयन प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। योजना के प्रथम चरण के शिविर 17, 18 एवं 19 सितम्बर, द्वितीय चरण में 24, 25 एवं 26 सितम्बर तथा तृतीय चरण में 1, 2 एवं 3 अक्टूबर को आयोजित होंगे। शिविर समाप्त होने के सात दिवस के भीतर पंजीयन प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान के तहत चिन्हित 13 बिन्दुओं पर की जाने वाली कार्यवाहियों की भी बिन्दुवार जानकारी दी गई।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सीधी के कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी केंद्र से कलेक्टर विकास मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।