enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सागर शराब कांड पर CM मोहन का बड़ा एक्शन: न्यायिक जांच के दिए आदेश, कमिश्नर-IG भी बदले...

सागर शराब कांड पर CM मोहन का बड़ा एक्शन: न्यायिक जांच के दिए आदेश, कमिश्नर-IG भी बदले...

सागर(ईन्यूज़ एमपी) - सागर में अवैध और जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा और कड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की न्यायिक जांच के आदेश देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि इस गंभीर प्रकरण में किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासनिक स्तर पर भी तत्काल बदलाव किए गए हैं। दिलीप कुमार ने सागर संभाग के आयुक्त का कार्यभार संभाल लिया है, जबकि इरशाद वली को सागर संभाग का नया पुलिस महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया गया है।
सरकार का कहना है कि न्यायिक जांच के माध्यम से पूरे मामले की निष्पक्ष पड़ताल की जाएगी। घटना के पीछे की परिस्थितियों, जिम्मेदारियों और किसी भी स्तर पर हुई लापरवाही अथवा अनियमितता की जांच कर जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट कहा है कि आमजन की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने साफ संदेश दिया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकार की कार्रवाई से साफ है कि सागर शराब कांड को लेकर प्रशासनिक जवाबदेही भी तय की जाएगी।

Share:

Leave a Comment