भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश के पुलिस विभाग में बड़ा पदोन्नति आदेश जारी किया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी छह पेज के आदेश में 223 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति पाने वालों में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत प्रदेश के कई जिलों में पदस्थ अधिकारी शामिल हैं। जारी आदेश के अनुसार संबंधित अधिकारियों को निरीक्षक पद के रिक्त पदों पर स्थानापन्न/अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति का लाभ अधिकारियों को उनकी वरिष्ठता सूची में क्रमांक के आधार पर दिया गया है। कई जिलों के अधिकारी सूची में शामिल पदोन्नति सूची में ग्वालियर, जबलपुर, भिंड, सिवनी, भोपाल, बैतूल, मंडला, छिंदवाड़ा, इंदौर, उज्जैन, रीवा, सतना, सागर, धार और खंडवा सहित प्रदेश के कई जिलों के पुलिस अधिकारी शामिल हैं। वेतनमान में भी बदलाव आदेश में कहा गया है कि पदोन्नत अधिकारियों को वर्तमान पद पर लागू वेतनमान 9300-34800+4200 के स्थान पर मध्यप्रदेश वेतन पुनरीक्षण नियम-2017 के तहत निर्धारित पे-मैट्रिक्स लेवल-10 में कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से वेतन दिया जाएगा। पुलिस विभाग में लंबे समय से पदोन्नति की प्रक्रिया को लेकर चर्चा रही है। ऐसे में 223 अधिकारियों को निरीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने से पुलिस बल में वरिष्ठ पदों की जिम्मेदारियों के वितरण में बदलाव देखने को मिलेगा।