enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सागर जहरीली शराब कांड: मृतकों की संख्या 22 पहुंची, पिता-पुत्र भी शामिल; 112 बीमार

सागर जहरीली शराब कांड: मृतकों की संख्या 22 पहुंची, पिता-पुत्र भी शामिल; 112 बीमार

सागर(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को कई और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। वहीं, 112 लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सागर और भोपाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मामले में शराब बेचने वाले ठेकेदार समेत 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस शराब के अवैध नेटवर्क और जहरीली शराब की सप्लाई से जुड़े लोगों की जांच कर रही है।

सोमवार को कई लोगों ने तोड़ा दम

सोमवार सुबह महेश रावत (55), श्याम बाई अहिरवार (50) और कृष्ण कुमार लोधी की मौत हो गई। इससे पहले एयरलिफ्ट कर भोपाल ले जाए गए राम प्रसाद लोधी ने रविवार देर रात दम तोड़ दिया था। उनके पिता गोविंद लोधी की भी रविवार को मौत हुई थी। राम प्रसाद का छोटा भाई भूरे लोधी अभी सागर में भर्ती है।

सोमवार दोपहर गूगरा खुर्द निवासी भगवान सिंह (35), खटोरा निवासी गोपाल आदिवासी (40) और मुड़ना पैरा निवासी देश कुमार लोधी की भी मौत होने की जानकारी सामने आई है।

शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

मृतक महेश रावत के भतीजे श्रवण कुमार रावत ने बताया कि उनके चाचा ने रविवार शाम शराब पी थी। इसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

वहीं, मृतका श्याम बाई अहिरवार के बेटे विठ्ठल अहिरवार ने बताया कि परिवार के लोग मामा के घर गमी में गए थे और उनकी मां घर पर अकेली थीं। उन्होंने गांव में किसी व्यक्ति से शराब मंगवाकर पी थी। देर रात उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। सुबह उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

जहरीली शराब से लगातार हो रही मौतों के बाद प्रशासन और पुलिस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब की सप्लाई चेन और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Share:

Leave a Comment