enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सागर में जहरीली शराब का कहर: 15 लोगों की मौत, 109 अस्पताल में भर्ती; 10 आरोपी गिरफ्तार

सागर में जहरीली शराब का कहर: 15 लोगों की मौत, 109 अस्पताल में भर्ती; 10 आरोपी गिरफ्तार


बंडा/सागर। सागर जिले के बंडा क्षेत्र के गांवों में कथित जहरीली/अवैध शराब पीने से मौतों का आंकड़ा 15 तक पहुंच गया है, जबकि करीब 109 लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बंडा और विनायका थाना क्षेत्रों में 25 से अधिक नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और उनसे अवैध शराब के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

15 मृतकों की सूची जारी

प्राप्त सूची के अनुसार जहरीली शराब कांड में जान गंवाने वालों में गोलू उर्फ चमन लोधी (45), दिग्विजय लोधी (28), करतार सिंह लोधी (30), उजियार सिंह लोधी (56), रोशन लोधी (30), राजेंद्र लोधी (32), हरनाम (42), उत्तम नन्हू नायक (42), सुमेर सिंह दांगी (47), राजकुमार लोधी (47), सुरेंद्र अहिरवार (35), सचिन (25), कमू (50), कुलदीप (20) और गोविंद (30) शामिल हैं। ये मृतक गगरा खुर्द, नौराज, पाटन, चौका, दलपतपुर, बमुरा, लिधौरा, छापरी और खबारा सहित अलग-अलग गांवों के बताए गए हैं।

70 रुपये में बेची जा रही थी शराब

बंडा थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, फरियादी अनूप सिंह लोधी ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र में कई लोग अवैध रूप से शराब बेचते हैं। 4 सितंबर को वह अपने भतीजे राजेंद्र लोधी के साथ जुझार लोधी की दुकान पर गया था। यहां कथित तौर पर सस्ती शराब उपलब्ध होने की बात कही गई।

राजेंद्र ने शराब नकली या जहरीली होने की आशंका जताते हुए सवाल भी किया था। आरोप है कि उसे बताया गया कि शराब एक नए सस्ते ब्रांड की है और बाजार से करीब 20 रुपये कम कीमत पर मिलेगी। इसके बाद राजेंद्र ने कथित तौर पर 70 रुपये में एक क्वार्टर देशी शराब खरीदी और पी।

घर लौटने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे पहले बंडा अस्पताल ले जाया गया, जहां से सागर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एफआईआर में करतार सिंह लोधी और दिग्विजय सिंह लोधी की मौत का भी शराब सेवन से संबंध बताया गया है।

लाइसेंसी ठेकेदार भी आरोपी

मामले में यशवंत ठाकुर और सिद्धार्थ कुशवाहा समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया है। एफआईआर में जुझार लोधी, दिनेश सिंह, सौरभ लोधी, गोविंद लोधी, मनोहर लोधी, मनीष लोधी, आशीष साहू, आकाश राय, रहीम खान, सत्यम, आशाराम, अरविंद, रोहित, माखन, अनिकेत गंधर्व, विशाल लोधी, मंगल रजक, राजा सिंह सहित अन्य लोगों के नाम शामिल बताए गए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

ततरवारा से अवैध शराब सप्लाई का आरोप

ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर आरोप लगाया है कि नौराज ग्राम पंचायत के ततरवारा गांव में लंबे समय से अवैध शराब तैयार कर आसपास के गांवों में सप्लाई की जा रही थी। ग्रामीणों का दावा है कि इस कारोबार में प्रभावशाली लोगों के जुड़े होने के कारण वे खुलकर सामने आने से डरते हैं। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

109 मरीज अस्पतालों में भर्ती

कलेक्टर प्रतिभा पाल के अनुसार, अवैध शराब से प्रभावित 109 मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में 85 मरीज, जिला चिकित्सालय में 17 और बंडा सिविल अस्पताल में 7 मरीज भर्ती हैं। बीएमसी में भर्ती मरीजों में से 12 आईसीयू में बताए गए हैं। एक गंभीर मरीज को एयरलिफ्ट कर एम्स भोपाल भेजा गया है। प्रशासन के मुताबिक अधिकांश मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है।

शराब में मेथेनॉल की मिलावट

प्रारंभिक जांच में शराब में मेथेनॉल की मिलावट पाए जाने की बात सामने आई है। मेथेनॉल अत्यंत जहरीला अल्कोहल है, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से औद्योगिक कार्यों में होता है। इसे पीने से गंभीर विषाक्तता, आंखों की रोशनी जाने और मौत तक का खतरा हो सकता है।

एसपी अनुराग सुजानिया के मुताबिक पुलिस ने मामले में 25 से अधिक नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस शराब के स्रोत, सप्लाई चैन और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

Share:

Leave a Comment