भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश के ऊपरी हिस्से में दो मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने के कारण अगले चार दिनों तक कई जिलों में तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। सोमवार को रीवा और सागर संभाग के छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मालवा-निमाड़ क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, अगले 24 घंटे में निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है। सीधी-सिंगरौली समेत इन जिलों में भी बारिश के आसार सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर और दमोह सहित प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है। भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, ग्वालियर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी समेत अन्य जिलों में भी मौसम बदला रहने की संभावना है। बारिश से बांधों के गेट खुले रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। राजधानी भोपाल के कलियासोत बांध के दो गेट दोबारा खोलने पड़े। इससे पहले शनिवार रात करीब 11 बजे चार गेट खोले गए थे। पानी छोड़े जाने के बाद रात करीब 12 बजे इन्हें एक-एक कर बंद कर दिया गया था। उज्जैन में ऐतिहासिक महाकाल द्वार गिरा लगातार बारिश के बीच उज्जैन में शनिवार देर रात महाकाल मंदिर से रामघाट जाने वाले मार्ग पर स्थित ऐतिहासिक महाकाल द्वार गिर गया। बारिश के कारण क्षेत्र में जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति भी बनी। नदी में बहा युवक, दो दिन बाद मिला शव शिवपुरी जिले के सिकराऊदा गांव निवासी 21 वर्षीय राम रावत शुक्रवार को रपटा पार करते समय तेज बहाव में बह गया था। शनिवार को SDERF की टीम ने दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का पता नहीं चला। रविवार को नदी का जलस्तर कम होने के बाद ग्रामीणों ने गहलोनी के पास नदी किनारे उसका शव देखा। शाजापुर में सोयाबीन की फसल पर संकट शाजापुर जिले के अकोदिया क्षेत्र में रुक-रुककर कभी तेज तो कभी धीमी बारिश हो रही है। खेतों में पानी भरने से सोयाबीन की फसल को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। किसान खेतों से पानी निकासी की व्यवस्था में जुटे हैं। मुरैना में नाला उफना, पुल डूबा मुरैना जिले के कैलारस में खेरली-पचोखरा रोड पर स्थित गुराह नाले का पुल बारिश के बाद पानी में डूब गया। आवागमन बाधित होने के कारण जरूरी काम से निकलने वाले लोग बड़े बर्तन में बैठकर रस्सी के सहारे नाला पार करते नजर आए। लगातार बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में भी परेशानी बढ़ गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मानसून की सक्रियता बनी रहने से मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रशासन और स्थानीय लोगों को नदी-नालों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की जरूरत है।