सागर(ईन्यूज़ एमपी) - मध्यप्रदेश के सागर में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का आंकड़ा बढ़कर 11 पहुंच गया है। घटना के बाद उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ला सागर पहुंचे और बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सहित जिला अस्पताल में भर्ती पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उपमुख्यमंत्री ने अस्पतालों में मौजूद चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था की जानकारी ली और निर्देश दिए कि भर्ती मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहे तथा उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मीडिया से चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने बताया कि जहरीली शराब पीने से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और अन्य अस्पतालों में उपचार करा रहे लोगों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस गंभीर घटना की विस्तृत समीक्षा कर निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।