सागर(ईन्यूज एमपी)-जिले में नकली शराब पीने से हुई मौतों के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शासन ने एक वरिष्ठ अधिकारी को मुख्यालय अटैच करने के साथ ही तीन आबकारी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार आबकारी उपायुक्त नीरजा श्रीवास्तव को मुख्यालय ग्वालियर अटैच किया गया है। वहीं नकली शराब कांड में जिम्मेदारी तय करते हुए तीन आबकारी अधिकारियों को निलंबित किया गया है। निलंबित अधिकारियों में कीर्ति दुबे, सहायक आयुक्त आबकारी, दिलीप खंडाते, सहायक जिला आबकारी अधिकारी और प्रोशनी उरेती, आबकारी उप निरीक्षक बंडा शामिल हैं। सरकार की इस कार्रवाई को सागर में सामने आए नकली शराब कांड के बाद बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। शराब से हुई मौतों के मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका और विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे थे। इसके बाद शासन स्तर से कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों पर गाज गिराई गई है। तीन अधिकारी निलंबित - कीर्ति दुबे — सहायक आयुक्त आबकारी - दिलीप खंडाते — सहायक जिला आबकारी अधिकारी - प्रोशनी उरेती — आबकारी उप निरीक्षक, बंडा वहीं आबकारी उपायुक्त नीरजा श्रीवास्तव को ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है। नकली शराब से हुई मौतों के बाद सरकार के इस एक्शन से साफ है कि मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मामले में आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।