सागर(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली और अवैध शराब पीने से मौतों का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। शनिवार रात शराब पीने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद रविवार सुबह तक मृतकों की संख्या 6 से बढ़कर 9 हो गई। वहीं करीब 25 लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, घूघर, नौराज, बराज और आसपास के गांवों के कुछ लोगों ने शनिवार रात शराब का सेवन किया था। इसके बाद कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन गंभीर हालत में उन्हें बंडा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद कुछ लोगों को मृत घोषित कर दिया। रविवार सुबह तक मौतों का आंकड़ा बढ़कर नौ हो गया। 24 से 48 घंटे में शराब पीने वालों से जांच कराने की अपील मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान शराब का सेवन किया है, वे किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने का इंतजार न करें और तत्काल स्क्रीनिंग कराएं। प्रशासन ने लोगों से स्थानीय मेडिकल टीम से संपर्क करने अथवा सीधे सिविल अस्पताल पहुंचकर जांच कराने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों और अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका घटना में चार अलग-अलग गांवों के लोगों के प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। प्रशासन की ओर से शराब के नमूनों, मौतों के कारण और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्राथमिक तौर पर मौतों का कारण जहरीली शराब का सेवन बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल अस्पताल में भर्ती करीब 25 लोगों का इलाज जारी है। प्रशासन की मेडिकल और कानूनी कार्रवाई जारी है तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।