भोपाल/सीधी(ईन्यूज एमपी)- पूर्वी मध्यप्रदेश में जमकर बारिश कराने के बाद अब मानसूनी सिस्टम ने प्रदेश के पश्चिमी हिस्से का रुख कर लिया है। लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नर्मदा समेत कई प्रमुख नदियां उफान पर हैं, जबकि बरगी, भदभदा और कलियासोत डैम के गेट खोले जा चुके हैं। नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रदेश के भोपाल समेत 12 जिलों में सामान्य कोटे से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग ने रविवार को ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। सीधी में लैंडस्लाइड, सीधी-UP मार्ग बंद सीधी जिले में लगातार बारिश के बीच शनिवार को कैमूर पहाड़ की मूड़ा घाटी में लैंडस्लाइड हो गई। पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर और पेड़ सड़क पर गिरने से सीधी-उत्तरप्रदेश मार्ग बाधित हो गया। सड़क के नीचे 100 फीट से अधिक गहरी खाई होने के कारण हादसे का खतरा भी बढ़ गया है। मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। छतरपुर में स्कूल बंद, कच्चा मकान ढहा छतरपुर जिले में मूसलाधार बारिश के कारण शनिवार को सभी स्कूल बंद रहे। वहीं लवकुशनगर क्षेत्र में बारिश के चलते एक कच्चा मकान ढह गया। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। उमरिया में महिला बही, मैहर में मार्ग बंद उमरिया जिले में बाढ़ के पानी में एक महिला के बह जाने की सूचना है। वहीं मैहर जिले में कई पुलों के ऊपर से पानी बहने के कारण मुकुंदपुर मार्ग बंद हो गया है। इससे आवागमन प्रभावित हुआ है। भोपाल में डैम के गेट खुले भोपाल में भदभदा डैम के बाद कलियासोत डैम के गेट भी खोल दिए गए हैं। कलियासोत नदी में पानी का बहाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने की हिदायत दी गई है। आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार रविवार को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह, पन्ना और सतना में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। डैम के गेट खुलने के बाद नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है, इसलिए निचले इलाकों में रहने वाले लोग विशेष सतर्कता बरतें।