enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश में 11 IAS अफसरों के तबादले, दिलीप कुमार संभालेंगे सागर संभाग की कमान

मध्यप्रदेश में 11 IAS अफसरों के तबादले, दिलीप कुमार संभालेंगे सागर संभाग की कमान

अनिल सच्चर की जगह दिलीप कुमार संभालेंगे सागर संभाग की कमान, निधि निवेदिता और संदीप जीआर समेत कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलीं

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दुबई दौरे से पहले मध्यप्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 11 आईएएस अधिकारियों के पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 5 सितंबर 2026 को जारी आदेश में सचिव, अपर सचिव और अन्य वरिष्ठ स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। अधिकारियों को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से नवीन पदों पर पदस्थ किया गया है।

सबसे महत्वपूर्ण बदलाव सागर संभाग के आयुक्त के पद पर हुआ है। वर्तमान सागर संभाग आयुक्त श्री अनिल सुचारी (2006) को हटाकर उन्हें प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश भण्डार गृह निगम, भोपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं श्री दिलीप कुमार (2008) को नया आयुक्त, सागर संभाग बनाया गया है। दिलीप कुमार वर्तमान में आयुक्त उद्योग, मध्यप्रदेश भोपाल तथा प्रबंध संचालक, लघु उद्योग निगम के अतिरिक्त प्रभार में थे।

निधि निवेदिता को नई जिम्मेदारी

श्रीमती निधि निवेदिता (2012) को महिला एवं बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी से हटाकर वित्तीय आयुक्त-सह-प्रमुख राजस्व आयुक्त, मध्यप्रदेश, भोपाल तथा आयुक्त भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त, ग्वालियर के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही उन्हें अपर सचिव, मध्यप्रदेश शासन की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।

संदीप जीआर की जिम्मेदारी बदली

श्री संदीप जीआर (2013) को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें वित्तीय आयुक्त-सह-प्रमुख, महिला एवं बाल विकास तथा पदेन मिशन संचालक, अटल बिहारी वाजपेयी बाल आरोग्य एवं पोषण मिशन, भोपाल के पद पर पदस्थ किया गया है।

अन्य अधिकारियों के भी तबादले

आदेश के अनुसार श्रीमती अनुषा श्रीवास्तव (2009) को सचिव, मध्यप्रदेश शासन, राजस्व विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं श्री सतेन्द्र सिंह (2009) को सचिव, मध्यप्रदेश शासन के साथ पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण तथा अनुसूचित जाति कल्याण विभागों की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

श्रीमती नेहा मारव्या सिंह (2011) को प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम, भोपाल बनाया गया है। श्रीमती निली निवेदिता (2012) को वित्तीय आयुक्त-सह-प्रमुख राजस्व आयुक्त तथा आयुक्त भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त, ग्वालियर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

इसी तरह श्री अनुराग वर्मा (2012) को प्रबंध संचालक, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम, भोपाल बनाया गया है। श्री मयंक अग्रवाल (2013) को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, भारत-रोजगार गारंटी आजीविका मिशन (ग्रामीण)-वीबी-जीआरएएमजी तथा मिशन संचालक, समग्र नर्मदा मिशन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

श्री अवि प्रसाद (2014) को प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश पब्लिक हेल्थ सर्विस कॉर्पोरेशन लिमिटेड तथा अपर सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं श्रीमती नेहा जैन (2018) को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, स्मार्ट सिटी उज्जैन एवं अपर आयुक्त, नगर पालिक निगम उज्जैन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

इसके अलावा श्री रघुराज एम.आर. (2004), सचिव, मध्यप्रदेश शासन, श्रम विभाग को उनके वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक सचिव, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग का प्रभार अतिरिक्त रूप से सौंपा गया है।

सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को वरिष्ठ स्तर पर जिम्मेदारियों के पुनर्गठन के तौर पर देखा जा रहा है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना गया है।

Share:

Leave a Comment