enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश इंदौर मेट्रो का विस्तार आज से, गांधी नगर से मालवीय नगर तक दौड़ेगी ट्रेन

इंदौर मेट्रो का विस्तार आज से, गांधी नगर से मालवीय नगर तक दौड़ेगी ट्रेन

इंदौर(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के लिए आज बड़ा दिन है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर शनिवार को इंदौर मेट्रो की विस्तारित सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। विजय नगर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शाम 4 बजे होने वाले कार्यक्रम के बाद मेट्रो सेवा का विस्तार गांधी नगर से मालवीय नगर चौराहे तक हो जाएगा। आम यात्रियों के लिए विस्तारित सेवा 6 सितंबर से शुरू होगी।

विस्तार के बाद इंदौर मेट्रो का परिचालन करीब 17.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर पर होगा। फिलहाल गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर-3 तक लगभग 6.3 किलोमीटर हिस्से में मेट्रो चल रही है। नए रूट पर मेट्रो सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित होगी। दोनों छोरों से पहली ट्रेन सुबह 9 बजे और आखिरी ट्रेन शाम 7 बजे रवाना होगी।

16 स्टेशनों से होकर गुजरेगी मेट्रो

गांधी नगर से मालवीय नगर चौराहे तक के रूट पर कुल 16 स्टेशन होंगे। मेट्रो गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर, एमआर-10, आईएसबीटी, चंद्रगुप्त मौर्य प्रतिमा, हीरा नगर, बापट चौराहा, मेघदूत गार्डन और विजय नगर होते हुए मालवीय नगर चौराहे यानी रेडिसन होटल चौराहे तक पहुंचेगी।

यात्रियों को करीब हर 15 मिनट में मेट्रो मिलेगी और प्रतिदिन 80 से अधिक फेरे लगाए जाएंगे। स्टेशनों पर सीसीटीवी, डिजिटल सूचना प्रणाली, एस्केलेटर और लिफ्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। दिव्यांग यात्रियों के लिए भी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

डिजिटल टिकट के साथ छूट का भी लाभ

यात्री एमपीएमआरसीएल के मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल टिकट ले सकेंगे। यूपीआई और क्यूआर कोड सहित डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध होगी। यात्रियों को रिटर्न जर्नी टिकट पर 5 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 10 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी।

इंदौर मेट्रो परियोजना की नींव 14 सितंबर 2019 को रखी गई थी। सितंबर 2023 में सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर पर पहला ट्रायल हुआ और 31 मई 2025 को गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर-3 तक यात्री सेवा शुरू हुई। विस्तारित रूट का ट्रायल अक्टूबर 2025 में पूरा हुआ था, जबकि 27 मार्च 2026 को इसके संचालन के लिए सीएमआरएस की अनुमति मिली।

इंदौर मेट्रो का यह विस्तार शहर के प्रमुख इलाकों के बीच सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के साथ यात्रियों के सफर को तेज और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share:

Leave a Comment