enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश MP Weather: उत्तरी हिस्से में मानसून एक्टिव, 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 7 जिलों में स्कूल बंद

MP Weather: उत्तरी हिस्से में मानसून एक्टिव, 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 7 जिलों में स्कूल बंद

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। पूर्वी हिस्से को तरबतर करने के बाद अब मानसूनी सिस्टम प्रदेश के उत्तरी हिस्से में सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों तक ग्वालियर, चंबल, सागर और उज्जैन संभाग के कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार को 19 जिलों में अति भारी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

श्योपुर-शिवपुरी में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार श्योपुर और शिवपुरी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, सागर, गुना, अशोकनगर, विदिशा, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा और मंदसौर में भारी बारिश होने का अनुमान है।

लगातार हो रही बारिश का असर प्रदेश के बारिश के आंकड़ों पर भी दिखाई दे रहा है। सीजन में पहली बार पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश सामान्य से करीब 3 प्रतिशत अधिक हो गई है।

इन जिलों में भी बारिश की संभावना

भोपाल, रायसेन, सीहोर, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर और दमोह में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

बारिश के चलते आज कई जिलों में स्कूल बंद

भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए 5 सितंबर को कई जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

- मुरैना: सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद।
- श्योपुर: नर्सरी से 12वीं तक के स्कूल बंद।
- शिवपुरी: सभी शैक्षणिक संस्थान और आंगनवाड़ी केंद्र बंद।
- गुना: नर्सरी से 12वीं तक के स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद।
- भिंड: नर्सरी से 8वीं तक के विद्यार्थियों की छुट्टी।
- ग्वालियर: नर्सरी से 8वीं तक के विद्यार्थियों की छुट्टी।
- रायसेन: सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद।

प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।

Share:

Leave a Comment