enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल में जाकर दुर्घटना पीड़ितों का जाना कुशलक्षेम : परिजनों को बंधाया ढांढस

उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल में जाकर दुर्घटना पीड़ितों का जाना कुशलक्षेम : परिजनों को बंधाया ढांढस

रीवा(ईन्यूज़ एमपी)- गत दिवस रीवा-सीधी मार्ग पर गुढ़ क्षेत्र में हुए भीषण बस और बल्कर ट्रक हादसे में घायल हुए यात्रियों का कुशलक्षेम जानने उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल आज रीवा स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचे। उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल के वार्डों में जाकर भर्ती घायलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उप मुख्यमंत्री ने ​दुर्घटना में मृतकों के प्रति गहरा दु:ख और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अस्पताल परिसर में भर्ती घायलों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में शासन और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से उनके साथ खड़ा है।

​इस दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने संजय गांधी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तथा अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि घायलों के उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही या संसाधनों की कमी नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक दवाएं, डायग्नोस्टिक टेस्ट, सर्जिकल प्रक्रियाएं और आपातकालीन देखभाल प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल मरीजों की स्थिति पर वरिष्ठ डॉक्टर 24 घंटे व्यक्तिगत निगरानी रखें।

​उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत हृदयविदारक है। पीड़ित परिवारों की पीड़ा में सरकार पूरी सहानभूति के साथ शामिल है। घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा देना हमारी पहली प्राथमिकता है। किसी भी मरीज या उनके परिजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।" इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गुप्ता, नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पांडेय सहित वरिष्ठ अधिकारी तथा चिकित्सकगण उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को रीवा से सीधी के बीच गुढ से करीब 4 किलोमीटर आगे बस क्रमांक एमपी -19 P 1501 की बल्कर ट्रक में टक्कर होने से पांच लोगों की मृत्यु हो गई एवं 16 यात्री घायल हुए, और 3 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी दुर्घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है और मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से सभी मृतकों के लिए दो-दो लाख रुपए की राशि एवं घायल व्यक्तियों को एक- एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की है।

Share:

Leave a Comment