बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल में सुबह 6 बजे पहुंची टीमें, आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच जारी भोपाल (ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने लोक निर्माण विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री केके सिंगारे के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे EOW की अलग-अलग टीमों ने बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल स्थित उनके आवासों पर एक साथ दबिश दी। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों के आधार पर की जा रही है। EOW की टीमें तीनों स्थानों पर दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच में जुटी हैं। प्रारंभिक तलाशी के दौरान बालाघाट स्थित शासकीय आवास से करीब 2.5 लाख रुपये नकद, एक स्कार्पियो वाहन और एक दर्जन से अधिक संदिग्ध खाली लिफाफे मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, बरामद सामग्री और उसकी वैधानिक स्थिति को लेकर अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। EOW की टीमें सिंगारे की चल-अचल संपत्ति, मकान, बैंक खाते, वाहन, सोने-चांदी के आभूषण, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही हैं। कार्रवाई डीएसपी मनजीत सिंह के नेतृत्व में की जा रही है। फिलहाल जांच जारी है और EOW की ओर से बरामदगी का आधिकारिक विस्तृत ब्यौरा सामने नहीं आया है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच में कुल कितनी संपत्ति और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच के बाद बड़ा खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।