रीवा/सीधी(ईन्यूज़ एमपी)- रीवा-सीधी राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर बुधवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई यात्री घायल हैं। गुढ़ थाना क्षेत्र के बदवार स्टैंड के पास यात्रियों से भरी बस और तेज रफ्तार बल्कर की जोरदार टक्कर से यह दर्दनाक हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, बघोर ट्रैवल्स की यात्री बस रीवा से सीधी की ओर जा रही थी। इसी दौरान बदवार स्टैंड के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बल्कर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बल्कर अनियंत्रित होकर पलट गया, जबकि बस सड़क किनारे जा गिरी। बताया गया है कि बस में करीब 40 यात्री सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा उस वक्त nh39 रोड पर यात्रा कर रहे थे, जैसे ही वहां से हुए गुजर रहे थे उन्होंने ऐसा मंजर देखा तो वाहन रोककर स्वयं घटनास्थल में राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और चिकित्सकों से चर्चा कर घायलों के समुचित उपचार और आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने ईन्यूज एमपी से फोन पर चर्चा करते हुए बताया कि हादसे में सीधी जिले के 21 यात्री शामिल हैं। इनमें से 18 यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 3 यात्री ICU में गंभीर हालत में उपचाररत हैं। वहीं 4 यात्री सुरक्षित बताए गए हैं। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस समय प्राथमिकता घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। वहीं हादसे में मृतकों की संख्या 5 हो गई है। सांसद के अनुसार, मृतकों में से कई की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस और प्रशासन मृतकों एवं घायलों की विस्तृत जानकारी जुटाने में लगा हुआ है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा-सीधी हाईवे पर हुई इस भीषण दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इसे अत्यंत हृदयविदारक घटना बताते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य शासन की ओर से आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्देश दिए हैं कि सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। वहीं गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रशासन की टीमें घायलों के उपचार और राहत कार्यों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।