भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में स्ट्रॉन्ग मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने से कई जिलों में भारी बारिश और बाढ़ के हालात बने हुए हैं। सतना में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर बनी हुई है। वहीं चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। मंगलवार को चित्रकूट के रामघाट में करीब 400 दुकानें और 20-25 होटल बाढ़ के पानी में डूब गए। लगातार बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने सतना जिले में 2 और 3 सितंबर को सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। आज इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। सीधी, पन्ना, कटनी, उमरिया, डिंडौरी, मंडला और सिवनी में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 4 इंच से अधिक बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, छतरपुर, सतना, रीवा, मऊगंज, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर और बालाघाट में भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, पांढुर्णा, मैहर, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है। सतना-चित्रकूट में अगले दो दिन भी खतरा मौसम विभाग ने सतना और चित्रकूट क्षेत्र में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। ऐसे में नदी-नालों का जलस्तर और बढ़ सकता है। पहले से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हालात सुधरने की संभावना कम है। प्रशासन और राहत-बचाव दल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।