रीवा(ईन्यूज़ एमपी)- चित्रकूट में आई बाढ़ का जायजा लेने और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा के लिए रीवा पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नेशनल हॉस्पिटल रीवा में हुई लिफ्ट गिरने की दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री को रविवार सुबह हुई दुर्घटना में श्री दिनेश सेन की दुखद मौत की जानकारी मिली। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दे। मुख्यमंत्री ने मृतक दिनेश सेन, निवासी लालपुर, जिला मैहर के परिजनों को मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता कोष से 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव चित्रकूट में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा के लिए 29 अगस्त को रीवा पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें नेशनल हॉस्पिटल में हुई इस दुखद दुर्घटना की सूचना मिली, जिस पर उन्होंने तत्काल संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया।