रीवा(ईन्यूज एमपी)-बाणसागर बांध के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने अलर्ट जारी किया है। 30 अगस्त 2026 को सुबह 6 बजे बाणसागर बांध का जलस्तर 341.58 मीटर दर्ज किया गया। जलाशय में लगातार पानी की आवक और कैचमेंट क्षेत्र में हो रही बारिश को देखते हुए बांध का निर्धारित जलस्तर बनाए रखने के लिए पानी सोन नदी में छोड़ा जाएगा। जल संसाधन विभाग के अनुसार आज दोपहर 12 बजे बाणसागर बांध के 6 रेडियल गेट खोले जाएंगे। प्रत्येक गेट को 2-2 मीटर तक खोला जाएगा। इसके माध्यम से करीब 2454 क्यूमेक्स पानी प्रति सेकंड सोन नदी में छोड़ा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इससे अधिक जल प्रवाह भी स्पिलओवर के माध्यम से सोन नदी में छोड़े जाने की बात कही गई है। सोन नदी के किनारे रहने वालों को अलर्ट बाणसागर बांध से पानी छोड़े जाने के मद्देनजर प्रशासन और मैदानी अमले को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में सोन नदी के दोनों किनारों पर रहने वाले लोगों से नदी के किनारों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है। विभाग ने मैदानी अमले से ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सूचना और अलर्ट जारी कराने को कहा है, ताकि पानी बढ़ने की स्थिति में किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके। जल संसाधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि प्रशासन की चेतावनी को गंभीरता से लें और सोन नदी के आसपास जाने से बचें।