भोपाल(ईन्यूज एमपी)- भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक आज से रामराजा सरकार की पावन नगरी ओरछा में शुरू होगी। बैठक का आयोजन होटल राजमहल/राज विलास में किया जा रहा है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के साथ प्रदेश पदाधिकारी और कार्यसमिति के सदस्य शामिल होंगे। दो दिवसीय बैठक में संगठन को मजबूत करने, बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और प्रशिक्षण सहित आगामी पार्टी कार्यक्रमों और राजनीतिक रणनीति पर विस्तृत मंथन किया जाएगा। इसके अलावा ‘समरसता का संकल्प’ और ‘विकसित भारत 2047’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होगी। सुबह 9 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के पहले दिन कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे अल्पाहार और रजिस्ट्रेशन से होगी। इसके बाद ध्वजारोहण और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण भी करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे उद्घाटन सत्र आयोजित होगा। उद्घाटन सत्र के पश्चात राजनीतिक प्रस्ताव एवं संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में प्रदेश में पार्टी संगठन की आगामी गतिविधियों और चुनावी तैयारियों से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है। रामराजा सरकार के दर्शन करेंगे पदाधिकारी बैठक के दौरान शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व सहित पदाधिकारियों के श्री रामराजा मंदिर के दर्शन का कार्यक्रम भी निर्धारित है। ओरछा में होने वाली यह बैठक ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब भाजपा संगठन आगामी कार्यक्रमों और जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने की दिशा में रणनीति तैयार करेगा।