enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश चित्रकूट बाढ़ की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, आज सतना के प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे दौरा

चित्रकूट बाढ़ की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, आज सतना के प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे दौरा

रीवा(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार देर रात दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे। उन्होंने स्थानीय सर्किट हाउस से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रीवा और सतना जिले में अतिवृष्टि, जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए प्रभावित लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित नागरिकों को भोजन, वस्त्र और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। बारिश के कारण किसी भी तरह की जनहानि और पशुहानि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर आरबीसी 6/4 के प्रावधानों के तहत पात्र लोगों को राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

चित्रकूट में लगातार हुई अतिवृष्टि के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बनी है। प्रशासन, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रभावित नागरिकों के लिए आश्रय स्थलों पर भोजन, ठहरने और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। आवश्यकता के अनुसार सेना के हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली जा रही है।

छह गांवों में रेस्क्यू, सात लोगों को सुरक्षित निकाला

सतना कलेक्टर ने मुख्यमंत्री को बताया कि जिले के छह गांवों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है और सात लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि यदि रात में बारिश नहीं होती है तो स्थिति में सुधार की संभावना है। वहीं नया गांव डैम क्षतिग्रस्त होने से हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन जिलों में बारिश का असर कम है, वहां उपलब्ध बचाव उपकरणों को बाढ़ प्रभावित जिलों में भेजकर उपयोग किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ और अन्य बचाव दलों को पूरी मुस्तैदी से काम करने के निर्देश दिए।

चित्रकूट में श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने चित्रकूट में फंसे श्रद्धालुओं और स्थानीय रहवासियों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को भोजन के पैकेट, पानी और आवश्यक वस्त्र उपलब्ध कराए जाएं। सद्गुरु आश्रम में रुके श्रद्धालुओं के मोबाइल नंबर लेकर उनके परिजनों से संपर्क कराया जाए और उनकी परिजनों से बातचीत सुनिश्चित की जाए।

अधिकारियों ने बताया कि जैतवारा गांव में बड़ी संख्या में लोग रुके हुए हैं, जहां उनके लिए भोजन, पेयजल और वस्त्र की व्यवस्था की गई है।

रीवा में स्थिति नियंत्रण में

मुख्यमंत्री ने रीवा-सतना और सतना-चित्रकूट मार्ग की स्थिति की भी जानकारी ली। रीवा कलेक्टर ने बताया कि जिले में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रकरण तैयार किए जा रहे हैं। जिन क्षेत्रों में पशुहानि हुई है, वहां नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रविवार को सतना जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर पहुंचकर भौतिक निरीक्षण करेंगे और राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लेंगे।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान रीवा संभाग के कमिश्नर श्री शैलेंद्र सिंह, पुलिस महानिरीक्षक श्री गौरव राजपूत, रीवा कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment