रीवा(ईन्यूज़ एमपी): चित्रकूट में अचानक आई बाढ़ और लगातार बिगड़ते हालात के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली एयरपोर्ट से रीवा 10:50 पर पहुंचें। मुख्यमंत्री रीवा में रात्रि विश्राम करेंगे, जिसके बाद रविवार को हेलीकॉप्टर से चित्रकूट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लेंगे। इधर चित्रकूट में हालात लगातार चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। सेना के हेलीकॉप्टर से बाढ़ में फंसे प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर निकाला गया है। राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। वहीं, चित्रकूट के निचले इलाकों में एक बार फिर बारिश शुरू हो गई है। पहले से बने बाढ़ के हालात और मंदाकिनी नदी के बढ़े जलस्तर के बीच दोबारा बारिश होने से प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। नदी का पानी पहले ही निचले इलाकों तक पहुंच चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को हेलीकॉप्टर से चित्रकूट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेंगे और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे।