enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश में फिर बदला मौसम, 30 से अधिक जिलों में बारिश के आसार; पूर्वी हिस्से में तेज बारिश

मध्यप्रदेश में फिर बदला मौसम, 30 से अधिक जिलों में बारिश के आसार; पूर्वी हिस्से में तेज बारिश

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को रीवा, सीधी, कटनी, शहडोल, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं 30 से अधिक जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं।

राजधानी भोपाल में भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या रिमझिम होने की संभावना जताई गई है। पूर्वी मध्यप्रदेश के रीवा, शहडोल और जबलपुर संभागों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का असर ज्यादा रहने की संभावना है। सिंगरौली, मऊगंज, सतना, उमरिया, मंडला, डिंडोरी, जबलपुर, छिंदवाड़ा सहित कई जिलों में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। बारिश और बादलों के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में एक से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है।

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी मध्यप्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर बने रहने के आसार हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। नागरिकों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में अब तक सामान्य से बारिश कुछ कम है। 27 अगस्त तक मध्यप्रदेश में करीब 26.5 इंच बारिश दर्ज हुई थी, जबकि सामान्य आंकड़ा करीब 29.2 इंच है।

Share:

Leave a Comment