enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं: रीवा-सीधी मार्ग पर दर्दनाक हादसे में 4 की मौत

रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं: रीवा-सीधी मार्ग पर दर्दनाक हादसे में 4 की मौत

रीवा (ईन्यूज एमपी)। विंध्य क्षेत्र में रक्षाबंधन का पावन पर्व उस समय मातम में बदल गया, जब एक परिवार त्योहार की खुशियां समेटकर घर लौट रहा था। रीवा-सीधी मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को पल भर में उजाड़ दिया। हादसे में दादा और उनकी दो मासूम पोतियों समेत चार लोगों की मौत हो गई।
गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भैरव बाबा मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि स्कूटी सवार परिवार रक्षाबंधन की खरीदारी कर घर लौट रहा था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही सड़क हादसे ने त्योहार की खुशियों को गम में बदल दिया।
हादसे में 4 वर्षीय शिवी तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 5 वर्षीय बहन शक्ति तिवारी और उनके दादा विंध्यवासिनी तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
वहीं बाइक सवार 22 वर्षीय पंकज सिंह, निवासी मझौली, सीधी, की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
रक्षाबंधन के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जिस दिन रिश्तों की डोर और मजबूत होने की खुशियां मनाई जा रही थीं, उसी दिन इस सड़क हादसे ने कई परिवारों को जिंदगी भर का दर्द दे दिया।

Share:

Leave a Comment