enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश में फिर बदलेगा मौसम: 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 4 इंच तक बरस सकता है पानी

मध्यप्रदेश में फिर बदलेगा मौसम: 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 4 इंच तक बरस सकता है पानी

भोपाल (ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के पूर्वी और उत्तरी हिस्से के 17 जिलों में गुरुवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार सागर, रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में मानसूनी सिस्टम सक्रिय रहने से अगले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में ढाई से चार इंच तक बारिश हो सकती है।

भारी बारिश की संभावना वाले जिलों में शिवपुरी, विदिशा, गुना, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, उमरिया, शहडोल, मंडला और अनूपपुर शामिल हैं।

कई जिलों में तेज बारिश के आसार

इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, डिंडौरी, पांढुर्णा, सिंगरौली और मैहर में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

27 और 28 अगस्त को तेज बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक 27 और 28 अगस्त को प्रदेश में बारिश का दौर तेज रह सकता है। हालांकि 29 और 30 अगस्त को प्रदेश में कहीं भी तेज बारिश का अलर्ट नहीं है। यानी दो दिन तेज बारिश के बाद मौसम में कुछ राहत मिलने की संभावना है।

मानसून ट्रफ और लो प्रेशर सिस्टम सक्रिय

प्रदेश में फिलहाल मानसून ट्रफ, लो प्रेशर एरिया और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की गतिविधियां बनी हुई हैं। इन्हीं मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है, जबकि सितंबर की शुरुआत में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होने के संकेत हैं।

39 जिलों में सामान्य से कम बारिश

बारिश के बावजूद प्रदेश के कई जिलों में अब तक सामान्य से कम पानी गिरा है। पूर्वी मध्यप्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में 19 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और डिंडौरी सहित कई जिलों में बारिश सामान्य से 3 से 50 प्रतिशत तक कम रही है।

पश्चिमी मध्यप्रदेश के भी कई जिलों में बारिश का आंकड़ा औसत से नीचे है। इनमें आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा शामिल हैं।

16 जिलों में औसत से ज्यादा बारिश

वहीं प्रदेश के 16 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इनमें अनूपपुर, डिंडौरी, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन और राजगढ़ शामिल हैं।

सीधी, रीवा, सतना, शहडोल और अनूपपुर समेत पूर्वी मध्यप्रदेश के जिलों में अगले 48 घंटे मौसम पर विशेष नजर रखने की जरूरत है। भारी बारिश की स्थिति में नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।

Share:

Leave a Comment