enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी, आधे प्रदेश में आज बरसात का अलर्ट

मध्यप्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी, आधे प्रदेश में आज बरसात का अलर्ट

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में मानसून की सक्रियता के चलते भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के करीब आधे हिस्से में बारिश की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में तेज बारिश के साथ अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार टीकमगढ़, दमोह, नरसिंहपुर, बैतूल और राजगढ़ में अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है।

वहीं मैहर, उमरिया, अनूपपुर और निवाड़ी जिलों में भी मौसम बदला रहेगा। इन क्षेत्रों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है। पूर्वी मध्यप्रदेश के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहने से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने जारी की सतर्कता

अति भारी बारिश की चेतावनी वाले जिलों में प्रशासन को भी सतर्क रहने की जरूरत है। नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने और जलभराव वाले रास्तों से बचने की सलाह दी गई है। तेज बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने तथा मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।

मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए आने वाले घंटों में प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

Share:

Leave a Comment