भोपाल(ईन्यूज एमपी)-शैक्षणिक सत्र 2026-27 में शासकीय विद्यालयों में नियमित शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए लोक शिक्षण संचालनालय ने अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति एवं पदस्थापना को लेकर निर्देश जारी किए हैं। रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। निर्देशों के अनुसार जिन शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों के पद रिक्त हैं, वहां पात्र अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। अतिथि शिक्षकों का चयन विकासखंड और जिला स्तर पर तैयार किए जाने वाले पैनल के माध्यम से किया जाएगा। प्रदेशभर में करीब 5 हजार अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति किए जाने की तैयारी है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित अतिथि शिक्षकों को 1 सितंबर 2026 से विद्यालयों में जॉइन कराया जा सकेगा। विभाग का उद्देश्य शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। लोक शिक्षण संचालनालय ने संबंधित अधिकारियों को रिक्त पदों की जानकारी के आधार पर प्रक्रिया पूरी करने और पात्र अभ्यर्थियों के चयन एवं पदस्थापना की कार्रवाई समयसीमा में करने के निर्देश दिए हैं। इससे नए शैक्षणिक सत्र में शिक्षकों की कमी वाले सरकारी स्कूलों को राहत मिलने की उम्मीद है।