enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे CM मोहन, अतिवृष्टि के बीच मैदान में उतरे, हालात का लिया जायजा...

दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे CM मोहन, अतिवृष्टि के बीच मैदान में उतरे, हालात का लिया जायजा...

रीवा(ईन्यूज़ एमपी)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 अगस्त को नई दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे और अतिवृष्टि से प्रभावित रीवा, शहडोल एवं जबलपुर संभाग की स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ अहम बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर सख्त निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में अब भी बाढ़ का पानी भरा है, वहां राहत शिविरों का बेहतर संचालन सुनिश्चित किया जाए। शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था हो। जिन लोगों के मकान या घरेलू सामान नष्ट हुए हैं, उन्हें नियमानुसार आरबीसी 6(4) के तहत तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने रीवा के गुलाब नगर पहुंचकर जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित गांवों और वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। जल स्रोतों और हैंडपंपों का क्लोरीनेशन कराने तथा विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बुखार, सर्दी-जुकाम और अन्य बीमारियों के मरीजों पर विशेष नजर रखी जाए, ताकि किसी भी स्थिति में महामारी फैलने न पाए। प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल करने, पशुओं के उपचार और मृत पशुओं के वैज्ञानिक निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को फील्ड में रहकर राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। फसल नुकसान की सूचना मिलने पर तत्काल सर्वे कराने तथा किसानों को आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी 24 से 27 अगस्त के बीच संभावित वर्षा को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने और राहत-बचाव की सभी तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि से प्रभावित हर नागरिक की सुरक्षा और सहायता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share:

Leave a Comment