enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सीधी के शैलेंद्र प्रताप सिंह सहित MP के दो शिक्षकों को राष्ट्रपति से मिलेगा बड़ा पुरस्कार

सीधी के शैलेंद्र प्रताप सिंह सहित MP के दो शिक्षकों को राष्ट्रपति से मिलेगा बड़ा पुरस्कार

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 (National Teachers Awards 2026) के लिए चयनित शिक्षकों की सूची जारी कर दी है। इस वर्ष देशभर से कुल 48 शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें मध्यप्रदेश के दो शिक्षक शामिल हैं। दोनों शिक्षकों को शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सम्मानित करेंगी।

मध्यप्रदेश से चयनित शिक्षकों में भोपाल की डॉ. अर्चना शुक्ला, सांदीपनि विद्यालय महात्मा गांधी, भोपाल और सीधी जिले के शैलेंद्र प्रताप सिंह, शासकीय प्राथमिक शाला अगरियान टोला कंजवार शामिल हैं।

सीधी के शैलेंद्र प्रताप सिंह का राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन जिले के लिए गौरव का विषय है। उनके चयन से शिक्षा के क्षेत्र में सीधी जिले की उपलब्धि राष्ट्रीय स्तर पर सामने आई है।

केंद्र सरकार द्वारा घोषित सूची के अनुसार इस वर्ष 27 राज्यों, 7 केंद्र शासित प्रदेशों और 6 संगठनों से कुल 48 शिक्षकों का चयन किया गया है। चयनित शिक्षकों में 26 पुरुष और 22 महिला शिक्षक शामिल हैं।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार देश में शिक्षकों के उल्लेखनीय योगदान, नवाचार और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है। चयनित सभी शिक्षकों को 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

सीधी जिले के शैलेंद्र प्रताप सिंह के चयन की खबर सामने आने के बाद जिले के शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है। उनके राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयन को जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Share:

Leave a Comment