भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में एक्टिव स्ट्रॉन्ग सिस्टम के चलते बारिश का दौर लगातार जारी है। डिंडौरी, पन्ना, रीवा, सतना, छतरपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई नदियां और नाले उफान पर हैं। नर्मदा और मंदाकिनी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है और कुछ जगहों पर नाव चलाकर लोगों को निकालना पड़ा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर समेत 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान करीब 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, दमोह, पन्ना, सीधी और सिवनी में भी भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।