भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। ट्रफ और डिप्रेशन के प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने सागर संभाग के टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सागर और दमोह में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं दतिया, भिंड, निवाड़ी, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, कटनी, मैहर और सतना में भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है। 20 से 24 अगस्त तक बदलता रहेगा बारिश का मिजाज मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार, 18 से 24 अगस्त के बीच प्रदेश में बारिश का मिजाज लगातार बदलता रहेगा। 19 अगस्त को विंध्य और महाकौशल क्षेत्र में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई। अब 20 से 24 अगस्त के दौरान बारिश का प्रभाव धीरे-धीरे मध्य और पश्चिमी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ने के संकेत हैं। चित्रकूट में गुप्त गोदावरी उफनी, दोनों गुफाएं बंद पूर्वी मध्य प्रदेश में बुधवार को हुई भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए। सतना के तराई क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के बाद चित्रकूट की गुप्त गोदावरी में पानी का स्तर तेजी से बढ़ गया। पहाड़ी का पानी गुफाओं के ऊपर से बहने लगा। पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए चित्रकूट नगर परिषद ने दोनों गुफाओं को बंद कर दिया है। इसके साथ ही पर्यटकों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। सतना में नाले में बहा चरवाहा सतना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भुमकहर गांव में 55 वर्षीय चरवाहा नाले के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलने के बाद SDERF की टीम मौके पर पहुंची और लापता चरवाहे की तलाश शुरू कर दी गई। डिंडौरी में नदी-नाले उफने, 12 से ज्यादा गांवों का संपर्क टूटा डिंडौरी जिले में बुधवार सुबह से लगातार तेज बारिश हो रही है। बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और 12 से ज्यादा गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। पन्ना के बृजपुर क्षेत्र के कई गांवों में पानी भर गया है। सिमरिया के बोदा गांव में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बारिश के कारण कई घरों में रखा खाने-पीने का सामान भी भीग गया। उमरिया में जोहिला डैम के तीन गेट खोले उमरिया में संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के जोहिला डैम के तीन गेट करीब 4 मीटर तक खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। लगातार बारिश के बीच जलस्तर और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।