enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश MP के 12 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, 3 जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी

MP के 12 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, 3 जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने बुधवार को टीकमगढ़, पन्ना और नरसिंहपुर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश होने का अनुमान है। वहीं जबलपुर समेत 12 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जहां ढाई से 4 इंच तक पानी गिर सकता है।

मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार, 18 अगस्त को झारखंड के ऊपर सक्रिय अवदाब के कारण पूर्वी मध्यप्रदेश बारिश का मुख्य केंद्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से 19 अगस्त को विंध्य, बुंदेलखंड और महाकौशल क्षेत्र में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। 20 से 24 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे मध्य और पश्चिमी मध्यप्रदेश की ओर बढ़ने के संकेत हैं।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

टीकमगढ़, पन्ना और नरसिंहपुर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं रायसेन, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, मंडला, शहडोल, सीधी, मऊगंज, रीवा, सतना और छतरपुर में भारी बारिश होने की संभावना है।

इन जिलों में भी बारिश के आसार

भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, डिंडौरी, पांढुर्णा, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, अनूपपुर और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं।

सामान्य बारिश का कोटा पूरा होने की उम्मीद

मध्यप्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 12 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में तेज बारिश का दौर जारी रहता है तो प्रदेश में बारिश की कमी पूरी हो सकती है और सामान्य बारिश का कोटा पूरा होने की संभावना बढ़ जाएगी।

बारिश के चलते नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से नदी-नालों के आसपास न जाने की अपील की है।

Share:

Leave a Comment