enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, सीधी समेत 14 जिलों में 4 से 8 इंच तक पानी गिरने की संभावना

मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, सीधी समेत 14 जिलों में 4 से 8 इंच तक पानी गिरने की संभावना

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय है। मौसम विभाग ने मंगलवार को रीवा और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं सीधी, सिंगरौली सहित 12 अन्य जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। अगले 24 घंटे के दौरान कुछ जिलों में 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश में तेज बारिश का दौर बना रह सकता है। मंगलवार को रीवा और बालाघाट में अति भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, कटनी, शहडोल, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

सीधी जिले में भी बढ़ी सतर्कता

सीधी जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश की चेतावनी के बाद जिले में नदी-नालों और रपटों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। लगातार बारिश से कई नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।

भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, डिंडौरी, सतना, मऊगंज, मैहर, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, दमोह और निवाड़ी में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो सकती है।

पहली बार खुलेंगे बरगी बांध के 9 गेट

मंडला, डिंडौरी और आसपास के क्षेत्रों में हो रही तेज बारिश के कारण इस साल पहली बार बरगी बांध के गेट खोलने की तैयारी की गई है। मंगलवार सुबह 11 बजे बांध के 9 गेट औसतन 0.78 मीटर तक खोलकर करीब 1031 क्यूमेक पानी की निकासी की जाएगी।

17 अगस्त की रात 8 बजे बांध का जलस्तर 420.80 मीटर दर्ज किया गया, जबकि बांध में करीब 1620 क्यूमेक पानी की आवक बनी हुई है।

प्रदेश के कई जिलों में अब भी बारिश की कमी

प्रदेश के पूर्वी हिस्से जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में अब तक सामान्य से करीब 19 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी और टीकमगढ़ समेत कई जिलों में 4 से 58 प्रतिशत तक बारिश की कमी दर्ज की गई है।

वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी सामान्य से कम वर्षा हुई है। हालांकि अनूपपुर, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, बड़वानी, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, देवास, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन, राजगढ़ और गुना में औसत से अधिक बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन, ऊपरी वायुमंडल में बने अन्य चक्रवाती परिसंचरण और दक्षिणी हिस्से से गुजर रहे शीयर जोन के कारण मध्य प्रदेश में तेज बारिश का दौर बना हुआ है।

Share:

Leave a Comment