नई दिल्ली/भोपाल(ईन्यूज एमपी)- घरेलू एलपीजी गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। आधार आधारित e-KYC कराने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 23 अगस्त 2026 कर दी गई है। इससे पहले e-KYC पूरा करने के लिए 16 अगस्त तक की समय-सीमा निर्धारित थी। तकनीकी दिक्कतों और गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ को देखते हुए समय-सीमा बढ़ाई गई है। जिन घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं ने अभी तक अपना e-KYC नहीं कराया है, वे अब 23 अगस्त तक यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। तय समय-सीमा के भीतर e-KYC कराने के लिए उपभोक्ता मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे भी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। मोबाइल से ऐसे करें e-KYC इंडेन गैस उपभोक्ता IndianOil ONE ऐप, भारत गैस उपभोक्ता Hello BPCL ऐप और एचपी गैस उपभोक्ता HP Pay ऐप के माध्यम से e-KYC की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के लिए Aadhaar FaceRD ऐप की भी आवश्यकता पड़ सकती है। उपभोक्ताओं को संबंधित गैस कंपनी के ऐप में लॉगिन कर दिए गए निर्देशों के अनुसार अपनी जानकारी दर्ज करनी होगी और फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद e-KYC का स्टेटस भी जांचा जा सकता है। एजेंसी और डिलीवरी मैन से भी सुविधा जिन उपभोक्ताओं को मोबाइल ऐप के माध्यम से e-KYC कराने में परेशानी हो रही है, वे अपनी नजदीकी गैस एजेंसी पर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। डिलीवरी मैन की सहायता से भी e-KYC कराने की सुविधा उपलब्ध है। जिन उपभोक्ताओं का e-KYC अभी तक नहीं हुआ है, उन्हें 23 अगस्त से पहले यह प्रक्रिया पूरी कराने की सलाह दी गई है।