enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश विंध्य अंचल में बारिश का कहर: सीधी में लगातार बरसात से बढ़ा नदी-नालों का जलस्तर, आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

विंध्य अंचल में बारिश का कहर: सीधी में लगातार बरसात से बढ़ा नदी-नालों का जलस्तर, आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

सीधी(ईन्यूज एमपी)- विंध्य अंचल के विभिन्न जिलों में पिछले दो दिनों से कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बन रही है। बारिश के बीच अलग-अलग जिलों से अप्रिय घटनाएं भी सामने आई हैं।

सीधी जिले को लेकर भी मौसम विभाग ने सोमवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।** रविवार से जिला मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। रविवार सुबह से रुक-रुककर शुरू हुई बारिश देर रात तक होती रही और **सोमवार सुबह भी बारिश का सिलसिला जारी रहा।

लगातार बारिश के कारण सीधी जिले के आसपास के नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने लगा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, खासकर नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों के आसपास।

विंध्य में बारिश के बीच डूबने से चार बच्चों की मौत

बारिश के कारण बढ़े जलस्तर के बीच रीवा और सीधी से दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं। रीवा में नाले में डूबने से दो नाबालिगों की मौत हो गई, वहीं सीधी जिले में तालाब में डूबने से दो बालकों की जान चली गई।

उल्लेखनीय है कि सीधी के सेमरिया थाना क्षेत्र के हस्तिनापुर गांव में रविवार शाम मछली पकड़ने गए दो बच्चे तालाब के गहरे पानी में डूब गए थे।


सीधी और डिंडौरी के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को सीधी और डिंडौरी जिलों में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रदेश के शेष जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। अनुमान के मुताबिक 19 और 20 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है।

लगातार बारिश को देखते हुए सीधी जिले में प्रशासन और आमजन के लिए सतर्कता जरूरी है। खासतौर पर नदी-नालों के किनारे जाने, उफनते रपटों को पार करने और बच्चों को जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से रोकने की आवश्यकता है।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार