हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत जनभागीदारी से आयोजित हुए कार्यक्रम, हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने दिया राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश सीधी(ईन्यूज एमपी)- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल देखने को मिल रहा है। अभियान के अंतर्गत रामपुर नैकिन में भव्य तिरंगा यात्रा, खड्डी में तिरंगा यात्रा तथा शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, पुलिसकर्मियों, नगरवासियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रामपुर नैकिन में निकली भव्य तिरंगा यात्रा नगर परिषद रामपुर नैकिन में आयोजित तिरंगा यात्रा वार्ड क्रमांक-4 स्थित बस स्टैंड परिसर से प्रारंभ होकर तहसील कार्यालय, न्यू मार्केट होते हुए न्यू बस स्टैंड परिसर पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारियों एवं नगरवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। देशभक्ति के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चुरहट के पूर्व विधायक शरदेंदु तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि देव कुमार सिंह चौहान रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद रामपुर नैकिन के अध्यक्ष रामकुमार साहू ने की। पूर्व विधायक शरदेंदु तिवारी ने नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने वाला अभियान बताया। तिरंगा यात्रा में नगर परिषद की उपाध्यक्ष संगीता गुप्ता, पार्षद नरेंद्र सिंह, नागेंद्र सिंह ‘रिंकू’, गुड़िया साकेत, रवि साकेत सहित एल्डरमैन एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए। एसडीएम चुरहट/रामपुर नैकिन अजय शर्मा, एसडीओपी रवि प्रकाश, तहसीलदार आशीष मिश्रा, जनपद पंचायत सीईओ डॉ. हरीश केसरवानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे। नगर परिषद अध्यक्ष रामकुमार साहू ने समापन अवसर पर सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त करते हुए नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील की। खड्डी में विद्यार्थियों ने निकाली तिरंगा यात्रा ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खड्डी में भी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, जनप्रतिनिधियों, पुलिसकर्मियों, ग्रामीणों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। जिला पंचायत सदस्य एवं सहकारिता एवं उद्योग समिति के अध्यक्ष प्रदीप शुक्ल, खड्डी चौकी प्रभारी नीरज साकेत एवं पुलिस टीम, वरिष्ठ समाजसेवी हीरा कुमार सिंह, राजीव पांडेय, शेषमणि बैस, नारायण पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी यात्रा में शामिल हुए। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बासुदेव शर्मा के नेतृत्व में शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा निकाली। यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को मजबूत करना तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया। कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने निकाली तिरंगा रैली शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी में राष्ट्रीय सेवा योजना, क्रीड़ा विभाग एवं इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत विभिन्न राष्ट्रभक्ति एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। महाविद्यालय की छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ रैली निकाली। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर गांधी स्कूल एवं कलेक्ट्रेट होते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर में समाप्त हुई। रैली के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता-अखंडता एवं राष्ट्रभक्ति के प्रति जागरूक किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश नामदेव ने कहा कि तिरंगा राष्ट्रीय गौरव, एकता और अखंडता का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नागरिकों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। छात्राओं द्वारा निकाली गई रैली देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में सराहनीय पहल है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित इन तिरंगा यात्राओं और रैलियों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति का वातावरण तैयार किया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों के बीच नागरिकों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।