सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के बहरी थाना क्षेत्र के जेठूला गांव में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे तेज रफ्तार बोलेरो ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहरी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, जड़कुड़ गांव निवासी कालमणि सिंह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक MP53ZF2485 से सावित्री सिंह और ननकी सिंह के साथ बहरी बाजार सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान जेठूला गांव के पास बोलेरो वाहन क्रमांक MP66ZF9805 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। कालमणि के पैर में फ्रैक्चर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहरी के चिकित्सक डॉ. अमित वर्मा के अनुसार, हादसे में कालमणि सिंह के एक पैर में फ्रैक्चर हुआ है। वहीं सावित्री सिंह और ननकी सिंह को भी चोटें आई हैं, हालांकि दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। तीनों घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही बहरी पुलिस ने मामले की जानकारी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ कर फरार बोलेरो चालक और वाहन की तलाश की जा रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।