enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश में मजबूत होगी पुलिस व्यवस्था: खंडवा में नई पुलिस बटालियन, औद्योगिक सुरक्षा के लिए बनेंगी 3 नई बटालियन

मध्यप्रदेश में मजबूत होगी पुलिस व्यवस्था: खंडवा में नई पुलिस बटालियन, औद्योगिक सुरक्षा के लिए बनेंगी 3 नई बटालियन

27,534 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को मिला पदोन्नति का लाभ, अगले दो साल में आरक्षक और सब इंस्पेक्टर के पद भरने की तैयारी

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में पुलिस बल को और मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा जिले में नई पुलिस बटालियन गठित करने की घोषणा की है। इसके साथ ही राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल के रूप में तीन नई बटालियन भी गठित की जाएंगी। इन बटालियनों में बैगा, भारिया और सहरिया वर्ग की कंपनियां भी शामिल की जाएंगी, जिससे इन वर्गों के युवाओं के लिए पुलिस सेवा में रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणाएं सोमवार को भोपाल के रवींद्र भवन में मध्यप्रदेश पुलिस की नई भर्ती और पदोन्नति को लेकर आयोजित आभार एवं सम्मान समारोह में कीं। इस दौरान उन्होंने नई भर्ती में चयनित पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बैज लगाकर सम्मानित किया।

27 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को पदोन्नति

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि पुलिस विभाग के 58 संवर्गों में कुल 27,534 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है। इनमें 30 रक्षित निरीक्षक पदोन्नत होकर डीएसपी बने हैं।

उन्होंने कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया लागू होने में देरी के कारण करीब 20 हजार पुलिसकर्मी इस लाभ से पहले ही सेवानिवृत्त हो गए, जिसका उन्हें अफसोस है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी अपनी योग्यता और क्षमता के आधार पर आगे बढ़ रहे हैं तथा सरकार उनके हितों और परिवारों के प्रति अपने दायित्वों को निभाएगी।

पुलिस में आगे भी होगी बड़े स्तर पर भर्ती

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस में आने वाले समय में भी भर्ती का सिलसिला जारी रहेगा। वर्ष 2023 से अब तक अलग-अलग संवर्गों में 14 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया जा चुका है।

पुलिस बैंड और एफएसएल में भर्ती प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। वर्ष 2026 में विभिन्न पदों पर हजारों पुलिसकर्मियों की भर्ती को मंजूरी दी गई है। सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में आरक्षक और सब इंस्पेक्टर के शेष पदों पर भी भर्ती पूरी करना है। मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाने की बात कही।

सिंहस्थ-2028 की सुरक्षा में भी मिलेगा फायदा

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने कहा कि नई भर्तियों से प्रदेश में आंतरिक सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था और मजबूत होगी। इसका लाभ वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ की सुरक्षा व्यवस्था में भी मिलेगा।

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में पुलिस विभाग में बड़ी संख्या में नई नियुक्तियां हुई हैं। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद यह नया पुलिस बल सिंहस्थ ड्यूटी के लिए उपलब्ध रहेगा। प्रदेश की सभी पुलिस इकाइयों को पुलिस बैंड उपलब्ध कराने की दिशा में भी भर्ती प्रक्रिया जारी है।

FSL और हॉक फोर्स को भी किया जा रहा मजबूत

नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद फॉरेंसिक जांच की भूमिका बढ़ने को देखते हुए एफएसएल में नई भर्ती को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा हॉक फोर्स में 325 पद और विशेष सहयोगी दस्ते में 882 पदों पर भर्ती की गई है।

डीजीपी ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई में हॉक फोर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पुलिस बल के विस्तार से भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की क्षमता और मजबूत होगी।

पुलिसकर्मियों के कल्याण पर सरकार का जोर

समारोह में पदोन्नति पाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के पुलिस अधिकारियों और जवानों ने हर चुनौती के दौरान अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया है।

उन्होंने पुलिसकर्मियों से पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ ड्यूटी करने का आह्वान किया और कहा कि सरकार उनके परिवारों के प्रति अपने दायित्वों को निभाएगी।

Share:

Leave a Comment