राजगढ़(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में भारी बारिश के बीच राजगढ़ जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। पड़ाना के पास झिरी नाले में तेज बारिश के कारण आए उफान में एक कार बह गई। कार में कुल 11 लोग सवार थे। हादसे में अब तक 6 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 2 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। तीन लोग किसी तरह कार से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। सतवास से राजगढ़ की ओर आ रही थी कार जानकारी के मुताबिक कार देवास जिले के सतवास से राजगढ़ की ओर आ रही थी। इसी दौरान पड़ाना के पास झिरी नाला तेज बारिश के चलते उफान पर था। नाला पार करने के दौरान कार तेज बहाव की चपेट में आ गई और देखते ही देखते पानी में बह गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार में 3 पुरुष, 4 महिलाएं और 4 बच्चे समेत कुल 11 लोग सवार थे। हादसे के बाद तीन लोग किसी तरह बाहर निकल आए और सुरक्षित बच गए, जबकि अन्य लोग पानी के तेज बहाव में बह गए। रेस्क्यू ऑपरेशन में अब तक 6 शव मिले घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और लापता लोगों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद अब तक 6 शव बरामद किए जा चुके हैं। बरामद शवों में दो महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है। वहीं दो लोग अभी भी लापता हैं। तेज बारिश और नाले में पानी का बहाव अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को तलाशी अभियान में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लापता लोगों की तलाश जारी है। बारिश के बीच हादसे ने बढ़ाई चिंता मध्य प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों भारी बारिश का दौर चल रहा है। नदी-नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है। ऐसे में राजगढ़ की यह घटना बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार करने के जोखिम को एक बार फिर सामने लाती है।