enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में आकाशीय बिजली का कहर: पेड़ के नीचे खड़ी 8 बकरियों की मौत...

सीधी में आकाशीय बिजली का कहर: पेड़ के नीचे खड़ी 8 बकरियों की मौत...

सीधी (ईन्यूज़ एमपी)। सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कुबरी में शुक्रवार शाम मौसम के बदले मिजाज के बीच आकाशीय बिजली गिरने से बकरियों की मौत का दर्दनाक मामला सामने आया है। तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक के बीच गिरी बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही कई बकरियों ने दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। उस समय बकरियां ग्राम कुबरी निवासी अतुल कुमार द्विवेदी के खेत में चर रही थीं। अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-पानी के साथ जोरदार गरज-चमक शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली पेड़ के पास गिरी, जहां बकरियां मौजूद थीं। बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही बकरियों की मौत हो गई।

घटना की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें खेत में मृत बकरियां दिखाई दे रही हैं। हादसे ने पशुपालक परिवारों को आर्थिक नुकसान के साथ गहरा सदमा दिया है।

कुबरी निवासी अतुल कुमार द्विवेदी द्वारा बताया गया है कि मृत बकरियों में रमेश कोल पिता बाबा कोल की 5 बकरियां और पिंटू कोल पिता गुड्डा कोल की 5 बकरियां शामिल हैं। यानी दोनों परिवारों की कुल 10 बकरियों के नुकसान की जानकारी सामने आ रही है, जिसमें 8 की मौके पर भी मौत हो गई वहीं दो गंभीर रूप से घायल है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से प्राकृतिक आपदा में हुई इस पशुहानि का आकलन कर पीड़ित पशुपालकों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली की घटनाएं लगातार खतरा बनी रहती हैं। ऐसे में ग्रामीणों से खराब मौसम और गरज-चमक के दौरान खुले खेतों, पेड़ों और अन्य असुरक्षित स्थानों से दूर रहने की अपील की जा रही है।

Share:

Leave a Comment