सीधी(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को रामपुर नैकिन विकासखंड के ग्राम बुढ़गौना में आयोजित जनसंवाद शिविर में सहभागिता की। इस दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा भी मौजूद रहे। कमिश्नर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने मौके पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर का भी अवलोकन किया और स्वास्थ्य सेवाओं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण करना नहीं है, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करना है। अधिकारी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने अपनाएं लक्षित रणनीति स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाने के लिए लक्षित रणनीति के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष अभियान चलाकर सभी गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन और समय पर प्रसव पूर्व जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, आवश्यक टीकाकरण, पोषण संबंधी सेवाएं और चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराने के साथ संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मां का जीवन महत्वपूर्ण है और ऐसी किसी भी मातृ मृत्यु को रोकने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए, जिसे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से रोका जा सकता है। सिकल सेल स्क्रीनिंग में तेजी लाने के निर्देश कमिश्नर ने जिले में सिकल सेल स्क्रीनिंग की प्रगति की समीक्षा करते हुए अपेक्षाकृत कम प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने विशेष टीमों का गठन कर अभियान चलाने तथा लक्षित समूह के प्रत्येक व्यक्ति की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर जांच से बीमारी की पहचान कर आवश्यक उपचार शुरू किया जा सकता है और गंभीर जटिलताओं को रोकने में मदद मिलेगी। मातृ वंदना योजना की लंबित शिकायतों पर नाराजगी महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से संबंधित लंबित शिकायतों पर कमिश्नर ने अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का व्यक्तिगत परीक्षण कर संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। ‘वॉश ऑन व्हील’ से ग्रामीण स्वच्छता को मिलेगी गति कमिश्नर ने ‘वॉश ऑन व्हील’ पहल की भी समीक्षा की। उन्होंने इसे ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। सभी शासकीय संस्थानों, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और सामुदायिक शौचालयों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। किसानों को समय पर उपलब्ध हो खाद जनसंवाद शिविर से पहले कमिश्नर ने बघवार स्थित खाद विक्रय केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को उनकी पात्रता के अनुसार पर्याप्त मात्रा में उर्वरक समय पर उपलब्ध कराया जाए। खाद वितरण में पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था बनाए रखने तथा किसानों को अनावश्यक परेशानी से बचाने के निर्देश दिए गए। 15 अगस्त से पहले अगस्त-सितंबर का खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करें कमिश्नर ने बघवार स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार अगस्त और सितंबर दोनों माह का खाद्यान्न हितग्राहियों को वितरित किया जाना है। उन्होंने सभी उचित मूल्य दुकानों में दोनों माह के खाद्यान्न का उठाव 15 अगस्त से पहले अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को दोनों माह का खाद्यान्न समय पर वितरित करने को कहा, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे। 15 दिन बाद होगा फॉलोअप शिविर कलेक्टर विकास मिश्रा ने 15 दिन बाद गांव में फॉलोअप शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इस शिविर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की जाएगी और संबंधित आवेदकों को उनके प्रकरण में हुई कार्रवाई से अवगत कराया जाएगा। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, उपखंड अधिकारी रामपुर नैकिन अजय शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।