enewsmp.com
Home सीधी दर्पण लक्ष्य तय करें, डर को हराएं और पूरे आत्मविश्वास से आगे बढ़ें : कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह

लक्ष्य तय करें, डर को हराएं और पूरे आत्मविश्वास से आगे बढ़ें : कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह

सीधी(ईन्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को रामपुर नैकिन स्थित सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें बोर्ड परीक्षाओं के साथ नीट एवं आईआईटी-जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर मेहनत को सफलता का आधार बनाने की सलाह दी।

कमिश्नर ने विद्यालय में संचालित नीट एवं आईआईटी-जेईई कोचिंग की जानकारी भी ली। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी परीक्षा कठिन नहीं होती, यदि उसकी तैयारी सही दिशा, पूरी लगन और नियमितता के साथ की जाए। प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन का लक्ष्य स्पष्ट रूप से निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है, जो अपने उद्देश्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रहते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में डर, संशय और झिझक को स्थान नहीं देना चाहिए। डर व्यक्ति का सबसे बड़ा शत्रु है। आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ कठिन से कठिन लक्ष्य को भी हासिल किया जा सकता है। उन्होंने असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ने की बात कही।

कमिश्नर ने कहा कि संसाधनों की कमी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती। दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और लगन के बल पर सीमित संसाधनों में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों से उनके संघर्ष, अनुशासन और समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीण अंचलों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिले। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।

नवंबर तक पूरा होगा निर्माणाधीन भवन

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने रामपुर नैकिन में निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय भवन का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कमिश्नर ने निर्धारित मानकों का पालन करते हुए नवंबर 2026 तक भवन का निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को जल्द आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक अधोसंरचना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। प्रत्येक विद्यार्थी को उत्कृष्ट शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

इस दौरान नगर परिषद रामपुर नैकिन अध्यक्ष रामकुमार साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, एसडीएम रामपुर नैकिन अजय शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी पीके सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment