enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्य प्रदेश में अगले तीन-चार दिन बारिश का दौर जारी, 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में अगले तीन-चार दिन बारिश का दौर जारी, 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्य प्रदेश में सक्रिय मानसूनी सिस्टमों के प्रभाव से अगले तीन से चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है, जबकि गुरुवार को 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही कई क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के अनुसार वर्तमान में मानसून ट्रफ, पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण तंत्र सक्रिय हैं, जिससे प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है। इन मौसम प्रणालियों का सबसे अधिक असर उत्तर और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश में देखने को मिल रहा है।

गुरुवार को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और दमोह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।

इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल और ग्वालियर संभाग के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, सागर, दमोह, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, उमरिया, रीवा, सतना, मैहर और पांढुर्णा में अगले दो से तीन दिनों तक रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो 1 जून से 5 अगस्त 2026 तक प्रदेश में औसतन 413.3 मिमी (16.3 इंच) वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में 507.2 मिमी (19.5 इंच) बारिश होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अब तक सामान्य से लगभग 19 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।

पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 22 प्रतिशत और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 15 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश के 55 में से 49 जिलों में सामान्य से कम वर्षा हुई है। भोपाल, जबलपुर, सागर, शहडोल, रीवा और नर्मदापुरम संभाग में वर्षा की स्थिति अभी भी कमजोर बनी हुई है, जबकि इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और चंबल संभाग के कुछ जिलों में अपेक्षाकृत बेहतर वर्षा दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Share:

Leave a Comment