सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- संभागीय आयुक्त रीवा के निर्देशन एवं कलेक्टर के मार्गदर्शन में बुधवार से माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, सिंगरौली में स्वाधीन नीट ऑनलाइन कोचिंग** का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में स्वाधीन नीट कोचिंग के संस्थापक कृष्णा मिश्रा की उपस्थिति में छात्राओं के लिए ऑनलाइन कोचिंग की शुरुआत हुई। शुभारंभ के अवसर पर कृष्णा मिश्रा ने छात्राओं को भौतिक शास्त्र विषय की पहली कक्षा पढ़ाई। उन्होंने बताया कि अब प्रतिदिन शाम 5 बजे से 7 बजे तक दो घंटे की नियमित ऑनलाइन कोचिंग संचालित की जाएगी। साथ ही, यदि छात्राओं को किसी विषय में विशेष समस्या होगी तो विशेषज्ञ अवकाश के दिनों में विद्यालय पहुंचकर उनका समाधान भी करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा के लिए बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि अधिक से अधिक छात्राएं मेडिकल क्षेत्र में अपना भविष्य बना सकें। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.के. द्विवेदी ने उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए बिना विलंब कोचिंग शुरू कराई। साथ ही विद्यालय के भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र और जीव विज्ञान के शिक्षकों को भी अंतिम पीरियड में अपने-अपने विषयों की विशेष कोचिंग देने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, कन्या शिक्षा परिसर की स्थापना का उद्देश्य छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शैक्षणिक वातावरण तथा NEET, JEE, CLAT, CUET सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर संस्था प्रमुख, विज्ञान संकाय के शिक्षक तथा कक्षा 11वीं एवं 12वीं की छात्राएं उपस्थित रहीं।