भोपाल(ईन्यूज एमपी)- दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद पार्टी संगठन ने बड़ा कदम उठाया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार भाजपा जिला दतिया की पूरी संगठनात्मक कार्यकारिणी तत्काल प्रभाव से भंग कर दी गई है। प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन द्वारा मंगलवार देर शाम जारी आदेश में बताया गया है कि प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के निर्देश तथा दतिया उपचुनाव परिणामों की समीक्षा के लिए गठित समिति की अनुशंसा के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प एवं विभागों सहित जिला संगठन की सभी वर्तमान संगठनात्मक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया गया है। हाई लेवल समीक्षा के बाद हुई कार्रवाई सूत्रों के अनुसार दतिया उपचुनाव में पार्टी की हार के बाद मुख्यमंत्री निवास पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। इसके बाद हार के कारणों की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया गया था। समिति की अनुशंसा पर लिया गया निर्णय भाजपा द्वारा गठित समीक्षा समिति में प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे और अंबाराम कराड़ा सदस्य थे। समिति ने उपचुनाव परिणामों का आकलन कर अपनी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपी, जिसके आधार पर दतिया जिला संगठन को भंग करने का निर्णय लिया गया। भाजपा के इस फैसले को उपचुनाव में मिली हार के बाद संगठनात्मक जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अब जल्द ही दतिया जिले में नए संगठनात्मक ढांचे के गठन की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।